जहानाबाद: जनता दरबार में 60 शिकायतों पर हुई सुनवाई; “सबका सम्मान–जीवन आसान” की भावना के अनुरूप त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के निर्देश
विभागीय निर्देश के आलोक में आमजनों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को आयोजित किए जाने वाले जनता दरबार के तहत आज दिनांक 21 अगस्त, 2026 (शुक्रवार) को समाहरणालय स्थित ग्राम प्लेक्स भवन में जिला पदाधिकारी, जहानाबाद श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया।
जनता दरबार में आमजनों से प्राप्त कुल 60 शिकायतों/आवेदनों की गंभीरतापूर्वक सुनवाई की गई तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को नियमानुसार त्वरित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जनता दरबार में जीविका के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने, पुरानी जमाबंदी में सुधार, अतिक्रमण हटाने, विद्युत विपत्र में सुधार, बंटवारा म्यूटेशन, नल-जल एवं चापाकल मरम्मति सहित राजस्व, विद्युत, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग एवं अन्य विभागों से संबंधित विभिन्न मामलों के आवेदन प्राप्त हुए।
रतनी फरीदपुर अंचल से संबंधित पुरानी जमाबंदी सुधार, जहानाबाद सदर अंचल से संबंधित अतिक्रमण हटाने तथा मोदनगंज अंचल से संबंधित बंटवारा म्यूटेशन के मामलों में संबंधित अंचल अधिकारियों को नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया गया। विद्युत विपत्र सुधार से संबंधित मामले में कार्यपालक अभियंता, विद्युत को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसी प्रकार पी.एच.ई.डी. से संबंधित नल-जल एवं चापाकल मरम्मति के मामलों में कार्यपालक अभियंता, पी.एच.ई.डी. को पेयजल सुविधा शीघ्र उपलब्ध कराने एवं आवश्यक मरम्मति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जीविका के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने से संबंधित आवेदन पर भी संबंधित पदाधिकारी को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
भूमि विवाद एवं अतिक्रमण से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि इनके प्रभावी एवं समयबद्ध निष्पादन के लिए अंचल स्तर पर प्रत्येक सप्ताह अर्थात माह में चार बैठकें, अनुमंडल स्तर पर माह में दो बैठकें तथा जिला स्तर पर माह में एक बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए। इन बैठकों में लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए राजस्व एवं पुलिस पदाधिकारियों के आपसी समन्वय से प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए आमजनों की समस्याओं का संवेदनशील, पारदर्शी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।
उक्त बैठक में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी,अपर समाहर्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
