गया: स्वतंत्रता सेनानी एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री स्व. उपेन्द्र नाथ वर्मा की जयंती के अवसर पर आज गया जी के दिग्घी तालाब स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों द्वारा स्व. उपेन्द्र नाथ वर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

समारोह में वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए कहा कि स्व. उपेन्द्र नाथ वर्मा समाजवादी विचारधारा के प्रखर समर्थक, स्वतंत्रता सेनानी तथा गरीब, किसान एवं वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित जननेता थे। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में सामाजिक न्याय, समानता एवं जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

वक्ताओं ने कहा कि स्व. उपेन्द्र नाथ वर्मा के आदर्श और विचार आज भी समाज एवं नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

समारोह में माननीय मंत्री, कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार श्री प्रमोद कुमार, पूर्व MLC, श्रीमति कुमुद वर्मा, अपर समाहर्ता श्री परितोष कुमार, नगर आयुक्त, गया नगर निगम, वरीय उप समाहर्ता श्रीमती अर्चना कुमारी, जिला प्रशासन के पदाधिकारी, माननीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं आमजन उपस्थित रहे।