Jehanabad ( बिक्रमादित्य कुमार) : जिला पदाधिकारी, जहानाबाद छिरिङ वाई भूटिया द्वारा कन्या मध्य विद्यालय, होरिलगंज का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, बच्चों की उपस्थिति तथा पीएम पोषण योजना के अंतर्गत परोसे जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता जांच हेतु स्वयं बच्चों के साथ बैठकर भोजन का स्वाद चखा। उन्होंने बच्चों की पांत में बैठकर लाल चने का छोला एवं चावल ग्रहण किया तथा भोजन के स्वाद, गुणवत्ता एवं परोसे जाने की व्यवस्था का प्रत्यक्ष रूप से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से आत्मीय एवं सहज संवाद कर भोजन की गुणवत्ता, नियमित उपलब्धता एवं उनकी पसंद के संबंध में फीडबैक भी लिया।

निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने विद्यालय में नामांकन एवं उपस्थिति की समीक्षा की। कक्षा 1 से 5 तक कुल 122 नामांकित बच्चों के विरुद्ध 55 बच्चे उपस्थित पाए गए, जबकि कक्षा 6 से 8 तक कुल नामांकन 385 है। उन्होंने बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष बल देते हुए विद्यालय प्रशासन को अनुपस्थित बच्चों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने हेतु प्रेरित करने का निर्देश दिया।

बच्चों से संवाद के दौरान जिला पदाधिकारी ने उनकी पढ़ाई, रुचि एवं विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अच्छे भोजन के साथ अच्छी पढ़ाई भी उतनी ही आवश्यक है। विद्यालय में अपराह्न 3 बजे आयोजित खेल कक्षाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

जिला पदाधिकारी ने बच्चों से कहा कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, कला एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करें तथा अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारें। उन्होंने बच्चों को शिक्षा एवं खेल सहित सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ने, बेहतर प्रदर्शन करने तथा जिले, राज्य एवं देश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

निरीक्षण के दौरान वरीय उप समाहर्ता होमा इरफान, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक रोहित कुमार मिश्र तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (पीएम पोषण योजना) गोविंद कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

जिला प्रशासन द्वारा विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, बच्चों की उपस्थिति, शैक्षणिक व्यवस्था एवं समग्र विकास को बेहतर बनाने की दिशा में नियमित अनुश्रवण एवं निरीक्षण जारी रहेगा।